नायब तहसीलदार मारपीट मामले में गरमाई राजनीति, राजस्व अधिकारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने मारपीट और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर राजस्व कर्मचारी और अधिकारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
राजस्व कर्मचारी-अधिकारी संघ ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के राजस्व अधिकारी और कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी पुलिस थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं दूसरी ओर विधायक समर्थकों ने भी नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने बाद में नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि विवाद पैरोल से जुड़े दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने को लेकर शुरू हुआ था। नायब तहसीलदार का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की, जबकि विधायक पक्ष ने अधिकारी पर दुर्व्यवहार और रिश्वतखोरी के आरोप लगाए हैं।













