एनटीपीसी सीपत में बिहार के युवक की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला कर्मचारी का शव
बिलासपुर जिले के एनटीपीसी सीपत परियोजना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान बिहार निवासी युवक के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी में ठेका कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, युवक का शव एमजीआर रेल लाइन के किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।













