MBA में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर महिला से तीन लाख की ठगी
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने दिल्ली के एक नामी संस्थान में MBA में दाखिला दिलाने का झांसा देकर महिला से करीब तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने महिला से संपर्क कर खुद को एजेंट बताया और प्रतिष्ठित संस्थान में एडमिशन की गारंटी दी। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी दस्तावेज और प्रोसेसिंग की जानकारी भी साझा की गई। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में महिला से करीब तीन लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
जब काफी समय बाद भी एडमिशन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस साइबर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।













