CSMCL ओवरटाइम घोटाला: 182 करोड़ के मामले में पहली चार्जशीट दाखिल, अनवर ढेबर समेत 12 आरोपी कोर्ट में पेश
रायपुर में चर्चित CSMCL ओवरटाइम घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में कारोबारी अनवर ढेबर समेत 12 आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार यह घोटाला करीब 182 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच शराब दुकानों में कर्मचारियों के ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्य दिवसों के नाम पर करोड़ों रुपये विभिन्न मैनपावर कंपनियों को जारी किए गए। आरोप है कि फर्जी बिल और रिकॉर्ड तैयार कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया तथा रकम का बड़ा हिस्सा कमीशन और अवैध भुगतान में इस्तेमाल हुआ।
EOW-ACB की जांच में कई निजी कंपनियों और उनके अधिकारियों की भूमिका भी सामने आई है। मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और एजेंसियां बैंक ट्रांजेक्शन, फर्जी दस्तावेजों तथा भुगतान प्रक्रिया की जांच कर रही हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भी अनवर ढेबर की जमानत याचिका खारिज की थी।













