जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा: बस पलटी, 25 से ज्यादा यात्री घायल
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
यह हादसा मुलमुला थाना क्षेत्र के व्यासनगर के पास बिलासपुर–शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बस के 25 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं कार में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।













