रायपुर। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस घटना में लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की वजह से विश्वविद्यालय के हॉस्टल की बिजली आपूर्ति भी घंटों तक बाधित रही, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।













