
24 अगस्त से निगम चलाएगा राजस्व वसूली का विशेष अभियान
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए 24 अगस्त से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत 24 अगस्त से 22 सितंबर तक अलग-अलग वार्डों में राजस्व वसूली शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में करदाताओं और बकायादारों से लंबित कर एवं शुल्क की राशि जमा कराई जाएगी। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित स्थानों पर आयोजित होंगे। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अभियान के सफल संचालन के लिए जोन कमिश्नरों, उप जोन प्रभारियों, राजस्व निरीक्षकों और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अभियान के दौरान निगम क्षेत्र में नवनिर्मित या करारोपण से छूटे भवनों का भी सर्वेक्षण और स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा भवनों में अतिरिक्त निर्माण या उपयोगिता परिवर्तन पाए जाने पर नियमानुसार करारोपण की कार्रवाई की जाएगी।
24 अगस्त को रामसागरपारा, साकेतनगर, कृष्णानगर, पथर्रीपारा, अमर सिंह होटल क्षेत्र, कलमीडुग्गू और वैशालीनगर समेत विभिन्न वार्डों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शहर के अन्य वार्डों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।













