
कोरबा। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रधानमंत्री एकलव्य आवासीय विद्यालय, छुरी पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी।
कलेक्टर ने कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी पढ़ाई और समस्याओं की जानकारी ली। 12वीं विज्ञान के विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने भौतिकी के सवाल भी हल करने के लिए दिए और शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आठ शिक्षक अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यार्थियों ने कलेक्टर के सामने पानी, भोजन और आवासीय व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। कलेक्टर ने बताया कि जलस्तर नीचे जाने से बोर प्रभावित हुए हैं और स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने प्राचार्य और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को विद्यार्थियों की अन्य समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नीट-जेईई की आवासीय कोचिंग और उच्च शिक्षा के लिए फीस सहायता जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। अच्छे अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने की बात भी कही।













