
बिलासपुर: गणेश पंडाल को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत कई घायल; दोनों ओर से FIR दर्जबिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के छोटी कोनी में गणेश पंडाल लगाने और रास्ते में घेराव किए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, हाथापाई, डंडे और ईंट-पत्थर से हमला करने के आरोप लगाए। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवादमामला छोटी कोनी के ठाकुर देव मंदिर के पास का है। सुकृता साहू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 20 दिन पहले नगर निगम ने संतोषी नेताम, पूनम मरावी और अन्य लोगों द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाया था। इसके बाद दोबारा कब्जा नहीं करने की हिदायत दी गई थी।सुकृता के अनुसार इसके बाद उनके घर के सामने आने-जाने वाले रास्ते पर गणेश पंडाल लगाया गया और साड़ी व बांस से रास्ते का घेराव कर दिया गया। आरोप है कि रास्ते में कांटा और मलबा भी डाल दिया गया था। घेरा हटाने को कहा तो बढ़ा विवादशनिवार शाम करीब 7:30 बजे सुकृता साहू ने रास्ते से घेरा हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। सुकृता ने अपनी शिकायत में संतोषी नेताम, पूनम मरावी और अन्य लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक इस दौरान हाथ-थप्पड़ के साथ ईंट-पत्थर भी चले। घटना में सुकृता साहू, गीता साहू और छोटी साहू को चोट लगने की बात कही गई है। दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोपवहीं, दूसरे पक्ष की संतोषी नेताम ने पुलिस को बताया कि वह अपनी भाभी पूनम मरावी और अन्य महिलाओं के साथ गणेश पंडाल में प्रसाद के लिए खिचड़ी बना रही थीं। इसी दौरान राम विलास साहू, सुकृता साहू, गीता साहू और अन्य लोग वहां पहुंचे और रास्ता घेरने की बात कहते हुए गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।संतोषी पक्ष ने कई महिलाओं को डंडे, पत्थर और हाथ-थप्पड़ से चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। साथ ही कल्पना मरावी का मोबाइल तोड़े जाने की भी शिकायत की गई है। दोनों पक्षों पर पुलिस ने दर्ज किया मामलाविवाद के बाद दोनों पक्षों ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सुकृता साहू की शिकायत पर संतोषी नेताम, पूनम मरावी समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।वहीं, संतोषी नेताम की शिकायत पर राम विलास साहू, सुकृता साहू, गीता साहू समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस जांच में जुटीगणेश पंडाल और रास्ते के घेराव को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












