
रायपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 1.27 क्विंटल गांजा जब्त; छह पकड़े गएरायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज व आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 1 क्विंटल 27 किलो 299 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। दोनों कार्रवाई में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।फाफाडीह में ट्रॉली बैग से मिला 82.51 किलो गांजापहली कार्रवाई 7 अक्टूबर को गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में कुछ लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ऑटो को फाफाडीह चौक के पास रोककर तलाशी ली। ऑटो में सवार मुकुंद शर्मा निवासी जगदलपुर, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी निवासी जगदलपुर और संतोष साहू निवासी बलौदाबाजार के पास रखे ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 82.51 किलो गांजा जब्त किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।टाटीबंध में ग्राहक की तलाश कर रहे थेदूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर को आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कान टेंपल मोड़ के पास की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।सूचना पर टीम ने आमानाका पुलिस के साथ मौके पर घेराबंदी की। यहां कान्हू डाकुआ निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य निवासी पश्चिम बंगाल को पकड़ा गया। उनके साथ एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी मिला।तलाशी के दौरान आरोपितों के बैग से 44.799 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.39 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांचपुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फाफाडीह मामले में पकड़े गए आरोपितों के मूल पते राजस्थान के हैं और वे वर्तमान में जगदलपुर में रह रहे थे। वहीं टाटीबंध मामले में पकड़े गए आरोपित ओडिशा और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और रायपुर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सप्लायर से लेकर खरीदार तक पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।85 मामलों में 190 आरोपित गिरफ्ताररायपुर कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाई में गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, ब्राउन शुगर, हेरोइन, अफीम और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार अब तक जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत करीब 6.31 करोड़ रुपये है। राजधानी में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












