
बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक की साजिश का खुलासा, प्रेमी ने दोस्त को बुलाकर कराया हमला; दो गिरफ्तारबालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि छात्रा पर हमला अचानक नहीं, बल्कि साजिश के तहत कराया गया था। पुलिस ने मामले में छात्रा के प्रेमी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में छात्रा के चेहरे और शरीर के कुछ हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। प्रेमी ने रची थी हमले की साजिशपुलिस की जांच में सामने आया कि छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश उसके प्रेमी ने रची थी। बताया गया है कि उसने अपने एक दोस्त को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया और उसके जरिए छात्रा पर हमला कराया। पुलिस अब प्रेम संबंध से जुड़े विवाद और हमले के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है। वारदात के बाद बस से भाग रहा था आरोपीपुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद भैरमगढ़ से आया आरोपी बस से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे रास्ते में पकड़ लिया। इसके बाद मामले के मुख्य आरोपित प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ कर पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से आरोपितों तक पहुंच बनाईघटना के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और इसके बाद आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने शहर में घेराबंदी कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी थी। छात्रा की हालत को लेकर इलाज जारीएसिड हमले में छात्रा गंभीर रूप से झुलसी है। उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद बालोद में लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हमले में इस्तेमाल किया गया एसिड कहां से हासिल किया गया और इस साजिश में आरोपितों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है। पूरे घटनाक्रम और हमले के पीछे की वजह का विस्तृत खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।












