
बिलासपुर में चोरी की अनोखी वारदात: घर का ग्रिल उखाड़कर घुसे चोर, CCTV और कार की चाबी चुराई; 2 किमी दूर कार को जलायाबिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम अमसेना में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। चोरों ने रात के समय एक घर की किचन खिड़की का लोहे का ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में लगे तीन CCTV कैमरे और कार की चाबी चोरी कर ली। चोर कार लेकर करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचे और उसे आग के हवाले कर दिया। सुबह कार पूरी तरह जली हुई हालत में मिली। रात में खिड़की का ग्रिल उखाड़कर घर में घुसेजानकारी के अनुसार, ग्राम अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेंट्रिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह परिवार के साथ सोने चले गए थे। उनकी कार रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के घर के पास लॉक करके खड़ी थी।सुबह करीब 7 बजे जब परिवार की नींद खुली तो किचन की खिड़की का लोहे का ग्रिल उखड़ा हुआ मिला। घर के अंदर सामान भी बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में लगे तीन CCTV कैमरे गायब हैं। इसके अलावा फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी भी नहीं मिली। घर से कार लेकर भागे, दो किलोमीटर दूर लगाई आगओमप्रकाश जब अपनी कार देखने पहुंचे तो वहां वाहन मौजूद नहीं था। आसपास तलाश करने पर पता चला कि कार अमसेना स्थित आयशर शोरूम के पास जली हुई हालत में पड़ी है।चोर पहले घर में घुसे, CCTV कैमरे हटाए और कार की चाबी लेकर वाहन चुरा लिया। इसके बाद कार को घर से करीब दो किलोमीटर दूर ले जाकर आग लगा दी। सुबह गांव के लोगों से इसकी जानकारी मिलने के बाद ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे, जहां कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार जलाने का मकसद अभी स्पष्ट नहींपुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि चोरों ने कार चोरी करने के बाद उसे जलाया क्यों। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे।घटनास्थल और कार को ले जाने वाले रास्ते के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों को घर और वाहन की स्थिति के बारे में पहले से जानकारी हो सकती थी, क्योंकि उन्होंने घर में लगे CCTV कैमरों को भी पहले ही हटा दिया। BNS की धाराओं में मामला दर्जपीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 305(ए), 326(जी) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपितों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। **फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और कार में आग लगाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।**












