
वेंकटनगर में रुकेगी नर्मदा एक्सप्रेस, यात्रियों की सुविधा के लिए बदली गई समय-सारिणी
बिलासपुर। रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। बिलासपुर-इंदौर और इंदौर-बिलासपुर के बीच चलने वाली नर्मदा एक्सप्रेस का वेंकटनगर स्टेशन पर ठहराव शुरू कर दिया गया है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार ट्रेन संख्या 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस 5 सितंबर 2026 से वेंकटनगर में रुकेगी। ट्रेन यहां दोपहर 1:47 बजे पहुंचेगी और 1:49 बजे रवाना होगी।
वहीं ट्रेन संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस 6 सितंबर से वेंकटनगर स्टेशन पर ठहरेगी। यह ट्रेन सुबह 11:03 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
कई स्टेशनों के समय में आंशिक बदलाव
वेंकटनगर में ठहराव शुरू होने के साथ बिलासपुर-इंदौर दिशा की ट्रेन के कुछ स्टेशनों के समय में भी बदलाव किया गया है। नर्मदा एक्सप्रेस जैतहरी 2:02 बजे, अनूपपुर 2:19 बजे, अमलाई 2:35 बजे और बुढ़ार 2:45 बजे पहुंचेगी। अन्य स्टेशनों की समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंदौर-बिलासपुर दिशा में भी कुछ स्टेशनों के समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेटेड टाइम-टेबल जांचने की सलाह दी गई है।
क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगी सुविधा
वेंकटनगर में नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव से आसपास के यात्रियों को बिलासपुर, अनूपपुर और इंदौर सहित अन्य स्थानों की यात्रा में सुविधा मिलेगी। यह ठहराव क्षेत्रीय यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। पहले इसके 2 सितंबर से शुरू होने की जानकारी थी, लेकिन बाद में तारीख बढ़ाकर 5 सितंबर कर दी गई।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन जाने से पहले ट्रेन के नवीनतम समय और ठहराव की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से जरूर जांच लें।












