
एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध का असर, दूध से बने पनीर के दाम बढ़े; रायपुर में 400 रुपये किलो तक पहुंची कीमत
रायपुर। मिल्क पाउडर से तैयार होने वाले एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद अब बाजार में दूध से बने पनीर की मांग बढ़ गई है। मांग बढ़ने के साथ ही पनीर की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
जानकारी के मुताबिक, शासन ने 31 जुलाई को एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद दूध से तैयार होने वाले पनीर की मांग बढ़ी। वहीं एनालॉग पनीर की सप्लाई रुकने से स्थानीय कंपनियों और दूसरे राज्यों से आने वाली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
देवभोग पनीर 430 रुपये किलो
रायपुर में देवभोग पनीर की कीमत बढ़कर करीब 430 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं अमूल और वचन के पनीर की कीमत लगभग 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। स्थानीय डेयरियों में तैयार पनीर के दाम में भी करीब 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है।
व्यापारियों के अनुसार, जुलाई तक दूध से बने पनीर की कीमत करीब 360 रुपये किलो थी, जो अब बढ़कर लगभग 400 रुपये किलो हो गई है। सप्लायरों की ओर से कीमत बढ़ाए जाने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ा है।
मिठाई दुकानों पर भी असर
एनालॉग पनीर की उपलब्धता बंद होने के बाद राजधानी की कई छोटी-बड़ी मिठाई दुकानों में पनीर की उपलब्धता कम हुई है। अब दूध से बने पनीर की बिक्री मुख्य रूप से बड़ी दुकानों और डेयरियों में हो रही है।
दूध का उत्पादन सीमित होने के कारण पनीर का उत्पादन भी मांग के अनुपात में नहीं बढ़ पा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पनीर की कीमत और उपलब्धता पर बाजार की स्थिति का असर बना रह सकता है।













