Home / छत्तीसगढ़ / कोरबा में दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, पिता-पुत्र समेत तीन ने मौके पर तोड़ा दम

कोरबा में दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, पिता-पुत्र समेत तीन ने मौके पर तोड़ा दम

कोरबा में दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, पिता-पुत्र समेत तीन ने मौके पर तोड़ा दम

कोरबा। जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। दोनों हादसों में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। हादसों के बाद दो गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

 

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर

 

पहला हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र में कुसमुंडा से खोडरी की ओर जाने वाले मार्ग पर गेवरा बस्ती के चांदनी चौक-खोडरी मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार तीन ग्रामीण बाइक से गेवरा बस्ती गए थे और वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में फूल सिंह (58) और नरसिंह (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल यशवंत सिंह को इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक फूल सिंह और नरसिंह के पिता-पुत्र होने की जानकारी सामने आई है।

 

हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

कनबेरी रोड पर दो बाइक भिड़ीं, दो की मौत

 

दूसरा हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र के कनबेरी रोड पर जोड़ा पुल के पास हुआ। यहां दो बाइक आपस में टकरा गईं। दोनों बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर में शिव सिंह समेत दो लोगों की मौत हो गई। शिव सिंह ग्राम खम्हरिया, थाना बलौदा का निवासी था और कैटरर्स का काम करता था। वह मंगलवार को कोरबा में काम खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था।

 

दूसरी बाइक पर सवार एक युवक की भी हादसे में मौत हो गई। हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल अन्य लोगों के संबंध में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

 

तेज रफ्तार बनी हादसों की वजह

 

दोनों सड़क दुर्घटनाओं में प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *