रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगेगी प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन, वैज्ञानिक तरीके से होगा प्लास्टिक कचरे का निपटान
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें लगाई जाएंगी। इस पहल के तहत यात्रियों द्वारा उपयोग की गई प्लास्टिक बोतलों का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाएगा, जिससे स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक पर प्लास्टिक कचरा फैलने से रोका जा सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मशीन में डाली गई प्लास्टिक बोतलें तुरंत छोटे-छोटे टुकड़ों में बदल जाएंगी। इसके बाद इस प्लास्टिक को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ प्लास्टिक अपशिष्ट का प्रभावी प्रबंधन हो सकेगा।
रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाना है। साथ ही यात्रियों को भी प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि वे इस्तेमाल की गई बोतलों को इधर-उधर फेंकने के बजाय मशीन में डालकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभा सकें।













