बिलासपुर में रविवार को व्यापमं की प्रयोगशाला परिचालक तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सहायक ग्रंथपाल भर्ती परीक्षा एक साथ आयोजित की जा रही है। दोनों परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर के 82 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
परीक्षाओं में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात पुलिस ने आम लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और परीक्षा अवधि के दौरान अनावश्यक रूप से परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है। साथ ही परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखने को कहा गया है।













