अंबिकापुर के बाल संरक्षण गृह से तीन अपचारी बालक फरार, रोशनदान की ग्रिल तोड़कर हुए फरार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बिशुनपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी (बाल संरक्षण गृह) से तीन अपचारी बालक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों ने भवन के रोशनदान की ग्रिल तोड़कर देर रात भागने की योजना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार बिशुनपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि फरार तीनों अपचारी बालकों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।













