मनरेगा में बड़ा बदलाव: अब ग्रामीणों को 100 नहीं, 125 दिनों का मिलेगा रोजगार
बिलासपुर। ग्रामीण रोजगार योजना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब मनरेगा के स्थान पर लागू होने वाली नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 100 दिनों की बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। इसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और नई व्यवस्था जल्द लागू होने की संभावना है।
नई योजना के तहत रोजगार की अवधि बढ़ाने के साथ पारदर्शिता और कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। मजदूरों की उपस्थिति, भुगतान और कार्यों की निगरानी के लिए डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासनिक स्तर पर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों का कहना है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।













