गड़े खजाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, नकली सोना बेचकर लाखों की ठगी
दुर्ग जिले की उतई पुलिस ने गड़े हुए खजाने और सोने के सिक्के मिलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को जमीन से निकला हुआ पुराना खजाना और सोने के सिक्के बताकर नकली पीली धातु बेचते थे तथा कम दाम में असली सोना देने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी पहले खजाना मिलने की कहानी गढ़ते और फिर कथित सोने के सिक्के तथा अन्य वस्तुएं दिखाकर भरोसा जीतते थे। इसके बाद नकली धातु को असली सोना बताकर ऊंची रकम वसूल लेते थे।
शिकायत मिलने के बाद उतई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गड़े खजाने, सोने के सिक्के या चमत्कारी तरीके से धन कमाने जैसे किसी भी लालच में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।













