25 साल इंतजार के बाद ग्रामीणों ने खुद बनाई सड़क, मोहला में विकास के दावों की खुली पोल
राजनांदगांव। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के दक्कोटोला गांव में विकास के दावों की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब ग्रामीणों ने 25 वर्षों तक सड़क निर्माण का इंतजार करने के बाद खुद चंदा जुटाकर सड़क मरम्मत और निर्माण का काम शुरू कर दिया। वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के पास गुहार लगाने के बावजूद सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने अब अपने स्तर पर पहल की है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों में लगातार परेशानी हो रही थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। कई बार शिकायतें और आवेदन देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से धन एकत्र कर सड़क निर्माण का निर्णय लिया।
ग्रामीणों की इस पहल को प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। गांव वालों का कहना है कि यदि समय पर सड़क का निर्माण हो जाता, तो उन्हें अपनी जेब से पैसा खर्च कर यह काम नहीं करना पड़ता। फिलहाल ग्रामीण स्वयं श्रमदान और सहयोग के माध्यम से सड़क को सुगम बनाने में जुटे हुए हैं।
यह मामला क्षेत्र में विकास कार्यों और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।













