कोरबा में आधी रात गैंगवार का खौफ: युवक को बोलेरो से कुचला, दूसरे का अपहरण कर बेरहमी से की पिटाई
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने पहले एक युवक का पीछा कर उसे बोलेरो वाहन से कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दूसरे युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें उसके हाथ-पैर तक टूट गए।
जानकारी के अनुसार, घटना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। हमलावरों ने पहले चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को निशाना बनाया और बोलेरो से टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसके बाद दूसरे युवक को जबरन वाहन में बैठाकर ले गए और सुनसान जगह पर उसके साथ मारपीट की। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।













