प्रेम विवाह करने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार, 55 हजार रुपये वसूलने का आरोप
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र के टोलागांव में एक परिवार ने समाज के कुछ प्रभावशाली लोगों पर सामाजिक बहिष्कार और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि उनकी पोती द्वारा प्रेम विवाह किए जाने के बाद उन्हें समाज से बाहर करने की धमकी दी गई।
पीड़ित बुजुर्ग सुखराम साहू के अनुसार, प्रेम विवाह के बाद परिवार पर लगातार दबाव बनाया गया और सामाजिक दंड के नाम पर उनसे 55 हजार रुपये भी वसूले गए। आरोप है कि परिवार को सामाजिक कार्यक्रमों से दूर रखने और समाज में उनकी भागीदारी रोकने की चेतावनी दी गई।
मामला सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और समाज में अपमानित करने की कोशिश की गई।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की बात कही है। शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।













