भारतमाला मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई, ईडी ने मुख्य आरोपी जय प्रकाश गांधी को किया गिरफ्तार
रायपुर। भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजा वितरण में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर निवासी जय प्रकाश गांधी को गिरफ्तार किया है। ईडी ने आरोपी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने परिजनों और कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि को 500 वर्गमीटर से कम के छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कराया। इस तरीके से अधिक मुआवजा प्राप्त करने की योजना बनाई गई।
ईडी के अनुसार, करीब 56.76 लाख रुपये की वास्तविक पात्रता वाली जमीन के बदले लगभग 9.83 करोड़ रुपये का मुआवजा प्राप्त किया गया। इस तरह करीब 9.27 करोड़ रुपये की अवैध आय अर्जित की गई। जांच में यह भी पता चला है कि इस रकम को शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय निवेशों के माध्यम से खपाने का प्रयास किया गया।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है। इससे पहले ईडी ने अप्रैल में रायपुर, अभनपुर और धमतरी में कई स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए थे। मामले में अन्य लाभार्थियों, बिचौलियों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच जारी है।













