75 लाख की सीसी सड़क दो साल में हुई जर्जर, दरारों से बढ़ा हादसों का खतरा
रायपुर। राजधानी के काठाडीह क्षेत्र में लगभग 75 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़क निर्माण के महज दो वर्षों के भीतर ही जर्जर होने लगी है। सड़क पर कई जगह गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की गुणवत्ता शुरू से ही सवालों के घेरे में रही है। अब स्थिति यह है कि सड़क की दरारों में दोपहिया और छोटे वाहनों के पहिए फंसने का खतरा बना हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क इतनी जल्दी खराब होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।













