नंदनवन जंगल सफारी घूमना अब होगा महंगा, बढ़ सकती है प्रवेश शुल्क दरें
रायपुर। राजधानी के नवा रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी में घूमने आने वाले पर्यटकों को जल्द ही अधिक शुल्क चुकाना पड़ सकता है। जंगल सफारी प्रबंधन द्वारा प्रवेश शुल्क और अन्य सुविधाओं की दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नई दरें लागू की जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, बढ़ते रखरखाव खर्च, पर्यटकों के लिए नई सुविधाओं के विकास और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शुल्क संशोधन पर विचार किया जा रहा है। वर्तमान में जंगल सफारी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और यह प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है।
अधिकारियों का कहना है कि शुल्क वृद्धि से प्राप्त राशि का उपयोग सफारी परिसर के विकास, पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार और वन्यजीवों की बेहतर देखभाल के लिए किया जाएगा। हालांकि नई दरों को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित विभाग की स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा।
नंदनवन जंगल सफारी में टाइगर, लायन, भालू और हर्बिवोर सफारी समेत कई आकर्षण मौजूद हैं, जिसके कारण यह प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय पर्यटन केंद्र बना हुआ है।













