अमित शाह के दौरे के बीच रायपुर में बड़ी वारदात, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल छीना
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता Dharamlal Kaushik से अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया। घटना ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक धरमलाल कौशिक सुबह टहलने निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ समय से लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। अब एक वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













