30 हजार साल पुरानी गुफा का रहस्य: मधुमक्खियों के हमले से दहशत, इसी जगह राजा की भी हुई थी मौत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित सिंघनपुर की प्राचीन गुफा एक बार फिर चर्चा में है। करीब 30 हजार साल पुरानी मानी जाने वाली इस गुफा में रिसर्च करने पहुंचे वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की टीम पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुफा के अंदर मौजूद विशाल छत्ते के छेड़ दिए जाने के बाद हजारों मधुमक्खियां एक साथ बाहर निकल आईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
जान बचाने के लिए टीम के सदस्यों को गुफा से बाहर भागना पड़ा। कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं। यह गुफा अपनी प्राचीन शैलचित्र कला और रहस्यमयी इतिहास के लिए जानी जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वर्षों पहले एक पूर्व राजा की भी इसी स्थान पर मौत हो गई थी, जिसके बाद से इस गुफा को लेकर कई तरह की कहानियां प्रचलित हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि सिंघनपुर गुफा मानव सभ्यता के शुरुआती इतिहास और आदिम जीवनशैली को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्थल है। यहां मौजूद शैलचित्रों को संरक्षित करने के लिए लगातार अध्ययन और शोध कार्य किए जा रहे हैं।













