अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता का श्राप बड़े-बड़ों का गुरूर तोड़ देता है। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होकर काम करने की नसीहत दी।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अधिकारी जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की बातों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो इसका जवाब जनता अपने तरीके से देगी। विधायक के इस बयान के बाद जिले की राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।













