रायपुर। छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास घेराव का प्रयास किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द चुनाव कराने की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
एनएसयूआई नेताओं का आरोप है कि प्रदेश सरकार छात्र हितों की अनदेखी कर रही है और जानबूझकर छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकार मिलना चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द छात्र संघ चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।













