चुनावी रुझानों पर बीजेपी का जश्न, बंगाल और असम में बढ़त से कार्यकर्ताओं में उत्साह
देश के कई राज्यों में चल रही विधानसभा चुनाव मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बढ़त मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ समेत कई जगहों पर बीजेपी नेताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बड़ी बढ़त बनाती नजर आ रही है। वहीं असम में भी पार्टी लगातार बढ़त बनाए हुए है और सत्ता में वापसी की ओर अग्रसर है।
बताया जा रहा है कि बंगाल में बीजेपी पहली बार सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है, जबकि असम में पार्टी तीसरी बार सत्ता में लौट सकती है।
इन रुझानों के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी कर खुशी जताई। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संगठन की रणनीति का परिणाम है।
वहीं विपक्षी दलों के लिए ये रुझान झटका माने जा रहे हैं, खासकर पश्चिम बंगाल में जहां सत्ता परिवर्तन की संभावना बनती दिख रही है।
फिलहाल अंतिम नतीजों का इंतजार है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने ही देश की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है।













