
बालोद-धमतरी हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, यात्री बस पलटी; कंडक्टर की मौत, 25 से ज्यादा घायलबालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग NH-930 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। करहीभदर मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के पास पलट गई। हादसे में बस के परिचालक (कंडक्टर) की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। धमतरी जा रही थी बसजानकारी के मुताबिक, DRD कंपनी की बस क्रमांक CG 04 JC 1253 बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ पर पेट्रोल पंप के आगे नाले के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। बस में 35 से अधिक यात्री सवार होने की जानकारी सामने आई है। बस के नीचे दब गया कंडक्टरबस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस का परिचालक नीचे दब गया। उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। 25 से ज्यादा यात्री घायलघटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। कुछ घायलों को जिला अस्पताल बालोद और कुछ को गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। बस की फिटनेस और ओवरलोडिंग पर उठे सवालहादसे के बाद बस की स्थिति और उसमें यात्रियों की संख्या को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की चर्चा है। वहीं बस के फिटनेस को लेकर भी सवाल सामने आए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस जांच में जुटीहादसे की सूचना के बाद बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही की बात सामने आने की जानकारी है, लेकिन बस किस वजह से अनियंत्रित हुई और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। **फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।**












