Home / छत्तीसगढ़ / दीपका गौरव पथ पर भारी वाहनों के दबाव से बढ़ी परेशानी, कांग्रेस नेता ने की रोक लगाने की मांग

दीपका गौरव पथ पर भारी वाहनों के दबाव से बढ़ी परेशानी, कांग्रेस नेता ने की रोक लगाने की मांग

दीपका गौरव पथ पर भारी वाहनों के दबाव से बढ़ी परेशानी, कांग्रेस नेता ने की रोक लगाने की मांग

 

कोरबा। जिले के दीपका स्थित गौरव पथ पर बदहाल सड़क, बढ़ते अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार लग रहे जाम और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

तनवीर अहमद ने दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक गौरव पथ पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और उनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की है।

 

उन्होंने बताया कि एसईसीएल द्वारा गौरव पथ पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के चलते सड़क की एक लेन बंद है। ऐसे में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों के साथ छोटे वाहन और आम लोग भी एक ही लेन से आवागमन कर रहे हैं। इससे सड़क पर लगातार यातायात का दबाव और जाम की स्थिति बनी रहती है।

 

कांग्रेस नेता के अनुसार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग की है।

 

ज्ञापन की प्रतिलिपि कोरबा कलेक्टर, तहसीलदार दीपका तथा एसईसीएल गेवरा और दीपका क्षेत्र के अधिकारियों को भी भेजी गई है। तनवीर अहमद ने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर कांग्रेस जनहित में आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *