PRSU में फीस वृद्धि पर बवाल, छात्र संगठनों ने किया प्रदर्शन; महंगी होती उच्च शिक्षा का विरोध
रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश शुल्क में 200 से 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के विरोध में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि फीस में भारी वृद्धि से उच्च शिक्षा गरीब और मध्यमवर्गीय विद्यार्थियों की पहुंच से दूर होती जा रही है।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि पहले जहां प्रवेश शुल्क अपेक्षाकृत कम था, वहीं अब सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को 1,750 रुपये और छत्तीसगढ़ बोर्ड के विद्यार्थियों को 750 रुपये तक शुल्क देना होगा। छात्र संगठनों ने इस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग करते हुए इसे शिक्षा के व्यवसायीकरण की दिशा में उठाया गया कदम बताया।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन फीस वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लेता, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि बढ़ी हुई फीस विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तय की गई है।













