कवर्धा में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, 5 से 6 हजार रुपये में बेचे गए छह बैगा आदिवासी बच्चे
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर छह बैगा आदिवासी बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। जानकारी के अनुसार बच्चों को महज 5 से 6 हजार रुपये में दूसरे राज्यों में मजदूरी कराने के लिए बेचा गया था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गरीब आदिवासी परिवारों को पैसों का लालच देकर बच्चों को अपने साथ ले जाते थे। इसके बाद बच्चों से बाल मजदूरी कराई जा रही थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित बरामद किया।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को फिलहाल बाल संरक्षण गृह में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और देखभाल की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।













