
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस टीम पर उस समय हमला हो गया, जब वे शराब तस्करों को पकड़ने के लिए गांव पहुंचे थे। घटना पटेवा थाना क्षेत्र के पचरी गांव की है, जहां आरोपियों को पकड़ने गई टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी (टीआई) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, पुलिस फरार आरोपी विजय मार्कंडेय और विनोद मार्कंडेय को गिरफ्तार करने गांव पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने की कोशिश की, उनके परिजन और आसपास के लोग एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला शुरू कर दिया।हमले के दौरान शासकीय वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि, हालात कठिन होने के बावजूद पुलिस ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।गौरतलब है कि महासमुंद जिले में पहले भी शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों पर इस तरह के हमले सामने आ चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।







